Press Release

आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में झूठ बोला
स्वराज इंडिया
प्रेस विज्ञप्ति: 20 नवंबर 2018
आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में झूठ बोला
जिन दो लोगों को स्वराज इंडिया का दिल्ली सचिव बताकर पार्टी में शामिल किया वो पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के दावे का मजबूती से खंडन करते हुए नवगठित राजनीतिक पार्टी स्वराज इंडिया ने कहा है कि मोहम्मद यासीन शाद और हबीब खान पार्टी के दिल्ली सचिव तो क्या प्राइमरी मेंबर भी नहीं हैं। ज्ञात हो कि कल आम आदमी पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस कर पांच लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने का दावा किया था जिसमे मोहम्मद यासीन शाद और हबीब खान नामक दो व्यक्ति को स्वराज इंडिया का दिल्ली सचिव बताया गया था।
स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने इसपर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि व्हाट्सप्प पर फर्ज़ी ख़बर फैलाने की आदत के बाद अब आम पार्टी अपने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में भी झूठ लिखने लगी है। अपनी विश्वसनीयता खो चुकी आम आदमी पार्टी अब झूठा प्रचार को अपना आधार बना रही है। जिन दो लोगों को स्वराज इंडिया का दिल्ली सचिव बताकर पार्टी में शामिल कराया गया वो लोग तो स्वराज इंडिया के प्राथमिक सदस्य तक नहीं हैं।
स्वराज इंडिया की चुनी हुई दिल्ली प्रदेश इकाई में अध्यक्ष कर्नल जयवीर के अलावा एक महासचिव नवनीत तिवारी और चार सचिव के तौर पर निशांत त्यागी, सुरेंद्र कोहली, रोहिणी और प्रवेश कुमार हैं।
आम आदमी पार्टी के झूठे प्रचार को निंदनीय बताते हुए अनुपम ने सवाल किया कि व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली आम पार्टी को बार बार विश्वसनीयता के लिए स्वराज इंडिया की याद क्यूँ आती है? “आप” में यदि थोड़ी भी राजनीतिक शुचिता और लाज बची हुई हो तो पार्टी संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल को सार्वजनिक माफ़ी मांगनी चाहिए।
Swaraj India Communications
0